राइस मिल के प्रदूषण से ग्रामीण परेशान : प्रशासन शीघ्र ही समस्या का निराकरण करे :-मुकेश भारती
Deekay Thakur
Wed, May 6, 2026
(गरियाबंद) / देवेन्द्र साहू । नगर के समीपस्थ ग्राम पंचायत पितईबंद से बकली के बीच मुख्य मार्ग पर संचालित राइस मिलों से निकलने वाले भारी धूल, डस्ट एवं प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। लगातार बढ़ते प्रदूषण से त्रस्त क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर मिल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मिलों से उड़ने वाली धूल ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मुख्य मार्ग पर आवागमन करने वाले दोपहिया व अन्य वाहनों के चालकों को चलने के दौरान डस्ट सीधे आंखों में पड़ती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं, प्रदूषण के कारण सांस संबंधी बीमारियां भी तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।इस गंभीर समस्या को लेकर जनपद सदस्य प्रतिनिधि एवं कांग्रेस रावड़ (राजिम) मंडल अध्यक्ष मुकेश भारती ने बताया कि पूर्व में भी मिल प्रबंधन से मिलकर समस्या से अवगत कराया गया था तथा राजिम अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को लिखित आवेदन देकर कार्यवाही की मांग की गई थी। किंतु एक माह बीत जाने के बाद भी मिल संचालकों द्वारा कोई ठोस सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।भारती ने आगे कहा कि पितईबंद, रावड़ एवं बकली ग्राम के जनप्रतिनिधियों व क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर पुनः मिल प्रबंधन एवं शासन-प्रशासन से तत्काल प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरकर राइस मिलों के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी मिल प्रबंधन एवं प्रशासन की होगी।इस अवसर पर पितईबंद पंचायत की पूर्व सरपंच पूनम बंजारे, युवा नेता ओंकार यदु, पंच मालिकराम मार्कंडेय, सूरज साहू, मुकेश साहू, रवि भास्कर, गिरधर बंजारे, कमल बंजारे, टिकेश आदिल, लक्ष्मण भारती, पिंटू यादव सहित तीनों ग्रामों के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
विज्ञापन