"स्मार्ट मीटर हटाओ - पुराना मीटर लगाओ” घर -घर चलो अभियान : महिला नेत्री भुनेश्वरी बंजारे ने संभाला मोर्चा....
स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराना मीटर लगाओ — घर-घर चलो अभियान में महिला नेत्री भुनेश्वरी बंजारे ने संभाला मोर्चा....

राजिम (गरियाबंद) / देवेन्द्र साहू ।स्मार्ट मीटर एवं लगातार बढ़ते बिजली बिल के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस रूपेश साहू के निर्देशन पर चलाए जा रहे “स्मार्ट मीटर हटाओ, पुराना मीटर लगाओ — घर-घर चलो अभियान” के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष एवं महिला नेत्री भुनेश्वरी बंजारे ने विभिन्न ग्रामों में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया। उन्होंने आम उपभोक्ताओं से बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेते हुए उन्हें अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया तथा स्मार्ट मीटर हटाने एवं पुराने मीटर की व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर जागरूक किया। भुनेश्वरी बंजारे ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है, कोई अतिरिक्त बोझ नहीं। यदि स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं को अधिक बिल, रिचार्ज अथवा अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए। कांग्रेस पार्टी उपभोक्ताओं की समस्याओं को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि “घर-घर चलो अभियान” केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को समझने और उनकी आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का जनअभियान है। गांवों में लोगों का मिल रहा समर्थन यह बताता है कि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर जनता में गंभीर चिंता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं महिला कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक घरों तक पहुंचें, लोगों की समस्याएं सुनें और उन्हें अभियान से जोड़ें, ताकि जनता की बिजली, जनता का अधिकार की आवाज और मजबूती से उठाई जा सके।

“स्मार्ट मीटर हटाओ — पुराना मीटर लगाओ” के नारे के साथ कांग्रेस का यह जनसंपर्क अभियान गांव-गांव जारी रहेगा।
विज्ञापन